छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा रायगढ़ नगर निगम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की वर्तमान स्थिति, समस्याएँ एवं सुधार के उपाय
Keywords:
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, रायगढ़ नगर निगम, मिशन क्लीन सिटी, एसएलआरएम केंद्र, स्वच्छता दीदी, विरासती कचरा, स्वच्छ भारत मिशनAbstract
तेज़ी से बढ़ते औद्योगिक नगरों में कचरा केवल सफ़ाई का विषय नहीं रह जाता, वह जन स्वास्थ्य, जल निकासी, भूमि उपयोग और नगर की पहचान से जुड़ा प्रश्न बन जाता है। कोयला, इस्पात और ताप विद्युत उद्योगों के कारण रायगढ़ छत्तीसगढ़ के सबसे तेज़ी से फैलते नगरों में गिना जाता है, और यहाँ ठोस अपशिष्ट का प्रबंधन नगर निगम के सामने एक स्थायी चुनौती है। प्रस्तुत अध्ययन रायगढ़ नगर निगम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की वर्तमान व्यवस्था, उसमें राज्य सरकार की भूमिका, प्रमुख समस्याओं और सुधार की संभावनाओं का विश्लेषण करता है। अध्ययन द्वितीयक स्रोतों पर आधारित है, जिनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0, राष्ट्रीय हरित अधिकरण के समक्ष राज्य शासन की प्रस्तुति (2024), जनगणना 2011 तथा स्थानीय समाचार स्रोत शामिल हैं। विश्लेषण से ज्ञात होता है कि राज्य में प्रतिदिन लगभग 3,871 टन अपशिष्ट उत्पन्न होता है और लगभग पूरा संग्रहित कर लिया जाता है। मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत एसएलआरएम केंद्रों और स्वच्छता दीदियों पर आधारित विकेंद्रीकृत मॉडल ने रायगढ़ में भी संग्रहण और पृथक्करण को आधार दिया है। रायगढ़ के पुराने डंपसाइट से 53,934 टन विरासती कचरे का उपचार मार्च 2024 तक पूरा कर लिया गया। फिर भी नालों में प्लास्टिक, सड़कों पर कचरा फेंकने की आदत, स्रोत पर अधूरा पृथक्करण, निर्माण मलबा और नागरिक भागीदारी की कमी बड़ी समस्याएँ बनी हुई हैं। अध्ययन के अंत में संस्थागत, तकनीकी, वित्तीय और जन-सहभागिता संबंधी सुधार सुझाए गए हैं।




